जमशेदपुर: पुलिस नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इस क्रम में एक दिन पहले ही पुलिस ने कदमा से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया था। इसी क्रम में आज सीतारामडेरा पुलिस ने अभियान चलाकर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना से यह बात भी सामने आई कि यह एक अंतर्राज्यीय गिरोह है, जो झारखंड और बिहार में कारोबार करता है।
गांजा के अवैध कारोबार को लेकर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हुए पुलिस ने 53 किलो गांजा के साथ ही 3420 रुपए नगद बरामद किया है। पुलिस की गिरफ्त में आए तस्करों में राजीव कुमार यादव, सुनील कुमार बैठा राजकुमार बिना, सुमित कुमार, गौरव कुमार और राजेश कुमार शामिल हैं। सभी बिहार के अलग- अलग जिलों के रहनेवाले बताए जा रहे हैं।
मामले में पत्रकारों से बात करते हुए सिटी एसपी मुकेश लुणायत ने बताया कि पुलिस को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों के गांजा की खेप के साथ उड़ीसा से मानगो बस स्टैंड पहुंचने की सूचना मिली थी। इस गांजा को बस के जरिए बिहार ले जाने की भी सूचना मिली थी।
इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर हेडक्वार्टर डीएसपी- 1 के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। इस टीम में सीतारामडेरा और मानगो पुलिस भी शामिल थी। पुलिस टीम ने सतर्कता बरतते हुए मानगो बस स्टैंड पर नजर रखी, तो वहां एक युवक को संदिग्ध स्थिति में घूमते देखा गया। पुलिस ने तत्काल युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम राजीव कुमार यादव बताया।तलाशी के क्रम में पुलिस ने उसके पास से 7 किलो गांजा बरामद किया।
पूछताछ के क्रम में राजीव कुमार यादव ने बताया कि उनके अन्य पांच साथी बिहार केबेतिया जाने वाली बस में बैठकर निकले हैं। राजीव ने बताया कि उनके पास भारी मात्रा में गांजा है। इस सूचना के बाद पुलिस टीम ने बस का पीछा करते हुए एनच 33 पर उसे रोक लिया। यहां जांत के क्रम में राजीव के सभी पांचों सहयोगियों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से 46 किलो गांजा भी बरामद किया।