जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में एक तेल कारोबारी की दुकान से 44 लाख रुपये के गबन का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि यह फ्रॉड किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि दुकान में कार्यरत एक कर्मचारी ने ही अंजाम दिया।
मामला तब उजागर हुआ जब कारोबारी संजय शर्मा ने नियमित ऑडिट कराई। खातों में भारी अनियमितताएं सामने आने पर गहन जांच में कई महीनों से चल रहे सुनियोजित गबन का खुलासा हुआ। आरोपी की पहचान सुंदरनगर थाना क्षेत्र के ब्यांगबिल हाड़तोपा गांव निवासी अर्पित ऋषि के रूप में हुई है।
करीब पांच महीने से दुकान में काम कर रहे अर्पित को माल की डिलीवरी और रजिस्टर संभालने की पूरी जिम्मेदारी दी गई थी। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने ग्राहकों तक माल न पहुंचाकर उसे दूसरी जगह भेजा और दुकान में फर्जी बिल जमा करता रहा। चूंकि लेखा-जोखा वही अकेला देखता था, इसलिए लंबे समय तक यह धोखाधड़ी पकड़ में नहीं आ सकी।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 20 फरवरी 2025 से गबन शुरू किया और 20 जुलाई 2025 तक करीब 44 लाख रुपये की राशि हड़प ली। औसतन वह हर महीने लगभग 9 लाख रुपये का गबन करता रहा। ऑडिट में मामला सामने आते ही आरोपी फरार हो गया।
पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पारडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।






