टाटा मोटर्स ग्रुप के विभिन्न प्लांटों के ईआर एवं एचआर हेड्स का यूनियन कार्यालय दौरा

3 Min Read

इंडस्ट्रियल भ्रमण के दौरान यूनियन–प्रबंधन के मजबूत संबंधों की हुई सराहना

जमशेदपुर : टाटा मोटर्स ग्रुप के विभिन्न प्लांटों के ईआर एवं एचआर पदाधिकारियों का शुक्रवार को इंडस्ट्रियल भ्रमण के क्रम में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय आगमन हुआ। इस प्रतिनिधिमंडल में पुणे, लखनऊ, धारवाड़ और पंतनगर प्लांट के ईआर एवं एचआर हेड शामिल थे। दो दिवसीय दौरे पर आए सभी पदाधिकारियों का यूनियन के गोपेश्वर हॉल में यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आर.के. सिंह द्वारा अंगवस्त्र, पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर यूनियन के महामंत्री आर.के. सिंह ने यूनियन की गतिविधियों, सामाजिक दायित्वों एवं प्रबंधन के साथ बेहतर तालमेल पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यूनियन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक कर्मचारी भाई सुरक्षित वातावरण में कार्य करे और सुरक्षित घर वापसी करे। सेफ्टी यूनियन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक दायित्वों के क्षेत्र में यूनियन की भूमिका सराहनीय रही है, वहीं रक्तदान के क्षेत्र में भी यूनियन की उपलब्धियां अनुकरणीय हैं। यूनियन और प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना तथा मजदूरों के हितों की रक्षा करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी आगंतुक पदाधिकारियों को पुनः जमशेदपुर आने का निमंत्रण भी दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अदिति ने कहा कि उन्होंने जितना सोचा था, उससे कहीं अधिक सकारात्मक अनुभव जमशेदपुर में देखने को मिला। यूनियन और प्रबंधन के बीच मजबूत एवं सहयोगात्मक संबंध देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।

पंतनगर प्लांट से आए एचआर हेड विष्णु दत्त ने कहा कि जमशेदपुर में प्रबंधन और यूनियन के बीच का संबंध हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। वहीं पंतनगर के ईआर हेड हेमंत सिंहा ने भी यूनियन की कार्यशैली और गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।

इस अवसर पर नागेंद्र ने कहा कि जमशेदपुर प्लांट का कार्य-संस्कृति देखकर बहुत कुछ सीखने को मिलता है। सच मायनों में जमशेदपुर प्लांट ‘गंगोत्री’ की तरह है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जमशेदपुर प्लांट भ्रमण की इच्छा थी, जो आज पूरी हुई।

टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के एचआर हेड प्रणव कुमार ने कहा कि यहां आए सभी पदाधिकारियों ने निश्चित रूप से कुछ न कुछ सीख अवश्य हासिल किया होगा। आप सभी का आगमन हमारे लिए एक सुखद अनुभव है। वहीं ईआर हेड सौमिक रॉय ने कहा कि प्रबंधन और यूनियन के बीच का यह संबंध कभी अलग नहीं हो सकता। आने वाले दिनों में इसे और बेहतर कैसे बनाया जाए, इस पर सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

कार्यक्रम में वी.एन. सिंह, सागर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।

Share This Article