चौथा बाल मेला 14 से बोधि मैदान में आयोजित, सुधीर सिंह बनाए गए मेला संयोजक

2 Min Read

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय द्वारा आयोजित चौथा बाल मेला इस वर्ष 14 से 20 नवंबर तक बोधि मैदान, गरम नाला (राजेंद्र विद्यालय के समीप) में आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय श्री राय द्वारा आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में मेले का संयोजक सुधीर सिंह को बनाने की भी घोषणा की गई।

बैठक में बाल मेले में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनी पर विशेष चर्चा की गई। 14 नवंबर को मेले का उद्घाटन समारोह होगा, जबकि 20 नवंबर को इसका समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

विधायक श्री राय ने बैठक में कहा कि इस मेले में जमशेदपुर के सभी स्कूलों के बच्चे भाग लेंगे और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। पिछले वर्ष की तरह, इस वर्ष भी जो बच्चे विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहते हैं, उन्हें गूगल फ़ॉर्म भरना होगा। जल्द ही यह फ़ॉर्म सभी स्कूलों को भेजा जाएगा। दुर्गा पूजा के बाद सभी स्कूलों को निमंत्रण भेजा जाएगा और निजी तौर पर उनसे संपर्क भी किया जाएगा।

मंजू सिंह ने बताया कि मेले में बच्चों के लिए लाभकारी स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही सातों दिन अलग-अलग आयु समूह के बच्चों के लिए खेलकूद, क्विज़, योगा, चित्रांकन, निबंध, भाषण, गीत, नृत्य आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। हर संध्या बच्चों के मनोरंजन के लिए स्टेज शो भी आयोजित किया जाएगा।

बैठक में एसपी सिंह, मंजू सिंह, अमृता मिश्रा, पुष्प लता सेनापति, श्याम जी, हेमंत पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Share This Article