जमशेदपुर:
जमशेदपुर जिले में लगातार गिरते तापमान और भीषण शीतलहर के मद्देनज़र शिक्षा विभाग, पूर्वी सिंहभूम ने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में अत्यधिक ठंड और शीतलहर की स्थिति बनी रहने की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर द्वारा आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले में संचालित सभी सरकारी, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से कक्षा 12 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियां दिनांक 05 जनवरी 2026 एवं 06 जनवरी 2026 को पूर्णतः स्थगित रहेंगी।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि यह निर्णय भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के अंतर्गत लिया गया है तथा इसका मुख्य उद्देश्य ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ठंड के इस मौसम में छोटे बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका अधिक रहती है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम आवश्यक समझा गया।
हालांकि आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि उक्त अवधि के दौरान किसी विद्यालय में पूर्व से निर्धारित बोर्ड परीक्षा आयोजित होनी है, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार परीक्षा का संचालन कर सकता है। इस निर्णय की जिम्मेदारी पूरी तरह विद्यालय प्रबंधन पर होगी।
इसके साथ ही शिक्षा विभाग ने यह निर्देश भी जारी किया है कि दिनांक 06 जनवरी 2026 को सभी सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी अनिवार्य रूप से विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें अपनी उपस्थिति eVV पोर्टल पर दर्ज करनी होगी तथा विद्यालय से जुड़े गैर-शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। यह आदेश उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के अनुमोदन के पश्चात जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तथा जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।
शिक्षा विभाग के इस निर्णय से जिले के हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों ने राहत महसूस की है। वहीं प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि शीतलहर के दौरान गर्म कपड़ों का प्रयोग करें, बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकालें और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें।





