K. Durga Rao
कांड्रा : आदित्यपुर स्थित अटल पॉर्क में आज भारत रत्न स्व अटल बिहारी बाजपेयी की 100वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, सांसद विद्युतवरण महतो तथा प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष बड़कुंवर गगराई ने अटल जी के कार्यों और जीवन वृत पर लगी प्रदर्शनी का संयुक्त रुप से उदघाटन कर किया। पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक चंपई सोरेन ने कहा कि अटल जी के कार्यों को झारखंड हमेशा याद रखेगा। उन्होंने पहली बार आदिवासी कल्याण मंत्रालय बनाया। उन्होंने सिर्फ झारखंड राज्य ही नहीं दिया, बल्कि झारखंड के आंदोलनकारियों को समुचित सम्मान भी उन्हीं ने दिया।
अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हैः अर्जुन मुंडा
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि अटल जी ने सुशासन देने का कार्य किया। भाजपा संगठन उनकी जयंती को शताब्दी वर्ष के रूप में मनाएगी। कहा कि हमें अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करना है। आज केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार उनके विचारों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आज भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को आदिवासी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। देश और हमारे प्रदेश में एकलव्य विद्यालय आदिवासियों को शिक्षित कर रहे हैं। श्री मुंडा ने कहा कि हमे हार से घबराना नहीं है, क्योंकि हर विध्वंस के बाद निर्माण होता है। भाजपा राष्ट्र निर्माण की चिंता करती है, आने वाला समय सिर्फ भाजपा का है। सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि भाजपा ने ही झारखंड का निर्माण किया है और भाजपा ही इसे संवारेगी। मौके पर बड़कुंवर गगराई ने भी अपने विचार रखे।
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री के द्वारा जनसंघ काल के भाजपा नेताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के पूर्व मंत्री शैलेंद्र कुमार सिंह, बॉबी सिंह, सुनील श्रीवास्तव, राकेश सिंह, रंजीत प्रधान, सचिन महतो (आंदोलनकारी) पितोवास प्रधान, उषा पांडेय, ऋतिका मुखी, संजय सरदार, अजय पासवान, दिनेश कुमार उर्फ बबलू सिंह, अभिषेक आचार्या, दीपक मंडल, कविता दास, मनोज महतो, मनोज तिवारी, संजीव पासवान, कुमुद रंजन, देवेश महापात्रा, पाऊ सिंह, स्वप्निल सिंह, निरंजन मिश्रा, गणेश कालिंदी, पवन महतो, सावन गुप्ता, ब्रह्मानंद झा, बिशु महतो, अमन प्रशाद, नंदन राजा, नीरू सिंह आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा के उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा तथा धन्यवाद ज्ञापन रमेश हांसदा ने किया।