बांका महादेव मंदिर में बड़ा हादसा: अनियंत्रित पिकअप वैन मंदिर परिसर में घुसी, तीन घायल, ऐतिहासिक संरचना को भारी नुकसान

Raj Sharma
3 Min Read

ईचागढ़ (सरायकेला-खरसावां:
सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ईचागढ़ और लेपांटंड गांव के बीच स्थित प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक बांका महादेव मंदिर में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सीधे मंदिर परिसर में जा घुसी, जिससे मंदिर की संरचना को भारी क्षति पहुंची। इस दुर्घटना में वाहन चालक समेत वाहन में सवार तीन लोग घायल हो गए।

हादसे के कारण मंदिर का पीलर और दीवार ध्वस्त हो गई, वहीं परिसर में स्थापित नंदी महाराज की प्रतिमा को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि मुख्य शिवलिंग (बांका महादेव) को कोई क्षति नहीं पहुंची और दुर्घटना के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालु मौजूद नहीं थे, अन्यथा यह हादसा बड़े जनहानि में तब्दील हो सकता था।


तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पिकअप वैन अत्यधिक तेज गति में थी। मंदिर के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वैन सीधे मंदिर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंदिर का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई।


वाहन में फंसा चालक, ग्रामीणों ने बचाई जान

दुर्घटना के बाद पिकअप वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें चालक वाहन के अंदर फंस गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पातकुम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ईचागढ़ पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज ईचागढ़ सीएचसी में जारी है।


पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में आक्रोश

घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, जिसमें तेज रफ्तार और लापरवाही को प्राथमिक वजह माना जा रहा है।

इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर समिति में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि मंदिर के समीप वाहनों की आवाजाही पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे ऐसी घटनाएं बार-बार हो सकती हैं।


मंदिर मरम्मत की मांग

मंदिर समिति और ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मंदिर और नंदी महाराज की प्रतिमा की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही मंदिर क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

 

Share This Article