रामकृष्णा फोर्जिंग्स में NDRF की मॉक ड्रिल

Raj Sharma
2 Min Read

सरायकेला

रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के प्लांट-5 में संभावित औद्योगिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 9वीं बटालियन की 30 सदस्यीय टीम द्वारा प्रशिक्षण कार्यशाला एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रशिक्षण हॉल में हुई, जहाँ ग्रुप सीओओ श्री शक्ति सेनापति ने NDRF टीम का स्वागत किया। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न हो सकने वाली संभावित आपदाओं, आंतरिक सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा कर्मचारियों की आपदा-तैयारियों से संबंधित जानकारी साझा की।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक कमांडेंट श्री कौशल कुमार ने किया, जबकि टीम कमांडर के रूप में श्री राम कुमार सिंह उपस्थित रहे। सहायक कमांडेंट श्री कौशल कुमार द्वारा NDRF की भूमिका, आपदा प्रबंधन की रणनीतियों एवं राहत-बचाव अभियानों पर आधारित एक विस्तृत विज़ुअल प्रेज़ेंटेशन प्रस्तुत किया गया।

कार्यशाला के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार एवं बचाव कार्यों के व्यावहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही ऊँची इमारत में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक आपात स्थितियों में कार्य करने का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर अग्निशमन पदाधिकारी सरायकेला श्री ऋषि तिवारी एवं उनकी टीम भी उपस्थित रही। रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड की ओर से कार्यक्रम का समन्वय सेफ्टी हेड श्री नवीण सिन्हा ने किया। उनके साथ सेफ्टी ऑफिसर श्री आदित्य प्रकाश, श्री प्रभात कुमार, श्री बासुकी नाथ झा एवं श्री चितरंजन सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के समापन पर ग्रुप एचआर श्री भूपेंद्र लोधी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्लांट सीओओ श्री कंचन चौधरी, प्लांट हेड श्री के.के. झा, एचआर हेड श्री सत्यारंजन खटुआ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम को औद्योगिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी बताया।

Share This Article