K. Durga Rao
चांडिल : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत श्रीराम जन्मोत्सव रामनवमी पर्व के अवसर पर भव्य आकर्षक, अद्भुत और शांति के माहौल में उत्साह और उमंग पूर्वक सांस्कृतिक शोभायात्रा सह बाईक रैली निकाली गई। श्रीराम सनातन समिति के आमंत्रण पर चांडिल पहुंचे पश्चिम बंगाल के कोलकाता से आई नाटकीय मंडली द्वारा विशाल व भव्य शोभायात्रा में आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। इससे पूर्व श्रीराम सनातन समिति द्वारा बुद्धिजीवी लोगों को सम्मानित किया गया।
श्री रामनवमी सांस्कृतिक शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा और तलवार कटार के साथ शामिल हुई। महिलाओं, युवतियों और बच्चों में उत्साह और उमंग देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा में शामिल महिलाओं के साथ राम भक्तों के उत्साह और उमंग में कहीं कोई कमी नजर नहीं आयी। पूरा चांडिल बाजार भगवा श्री राम और बजरंगबली के झंडों से पटा हुआ था। जिला प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा में चांडिल पुलिस बल के साथ महिला जवान होमगार्ड को लगाया गया था। कैमरे से शोभायात्रा की निगरानी की जा रही थी। मंडली द्वारा श्रीराम दरबार, शिव जी और महाभारत पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गई। जगह- जगह सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों और संस्थानों के द्वारा जुलूस में शामिल लोगों का अभिनंदन और स्वागत किया जा रहा था। ग्रामीण क्षेत्र से शोभायात्रा देखने के लिए हजारों की संख्या में महिलाएं पुरुष और बच्चे आए थे, जो सड़क के किनारे तमाम भवनों और बरामदे में बैठकर शोभायात्रा और झांकियों का अवलोकन कर रहे थे। एक ओर जहां वीर रस के संगीत का बाजा बज रहा था, तो दूसरी ओर डीजे में श्रीराम और हनुमान के उर्जा से ओतप्रोत गीत बज रहे थे। उसमें सभी भक्त झूम रहे थे। पूरा चांडिल क्षेत्र जय श्री राम और जय हनुमान के जयकारे से गुंजायमान हो रहा था। हाथों में हनुमान पताका, तलवार लिए जय श्री राम की नारा लगा रही थीं तो मानो एक तरंग सी निकल रही थी। वहीं जगह जगह पर अबीर गुलाल की वर्षा भी हो रही थी, जिसका नजारा देखते ही बन रहा था। वहीं जगह- जगह समाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा सेवा शिविर लगाकर शोभायात्र में सामिल भक्तों के बीच खीर, खिचड़ी, गुड़ चना, शरबत और पानी का वितरण कर सेवा प्रदान की जा रही थी।
अपराहन दो बजे श्रीराम सनातन समिति चांडिल के संरक्षक मंडल की अगुवाई में चांडिल पुराने पेट्रोल पंप के समीप स्थित बजरंगबली मंदिर से निकली शोभायात्रा पूरे बाजार का भ्रमण करते हुए चांडिल स्थित साधु बांध मठिया पहुंच कर यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान महंत विद्यानंद सरस्वती, महंत इंद्रानंद सरस्वती, आजसू नेता हरेलाल महतो, समाजसेवी राकेश वर्मा, भाजपा नेता मधुसूदन गोराई, बोनू सिंह सरदार समेत कई रामभक्त शोभायात्रा में शामिल हुए।
वहीं रामनवमी के पावन अवसर पर पुरे अनुमंडल क्षेत्र में विभिन्न जगह स्थित मंदिर व अपने अपने घरों में सनातानी धर्मावलंबियों द्वारा श्रीराम अंकित भगवा पताका वैदिक मंत्रोच्चार के साथ फहराया गया। पूरा अनुमंडल क्षेत्र भगवा पताकों से पट गया।