जमशेदपुरः सर्वदलीय जन एकता मंच के संयोजक संजीव आचार्य ने झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र में आचार संहित का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बन्ना गुप्ता के नाम वाले अवैध प्रचार पट्टों को हटाने की मांग की है। इसे लेकर उन्होंने उपायुक्त के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में संजीव आचार्य ने कहा है कि अपने प्रचार के लिए झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों स्थानों पर पथों एवं चौराहों के किनारे अपने नाम का संकेत पट्ट लगा दिया गया है। उन पर अंकित है कि ये प्रचार सामग्रियां या साईन बोर्ड, जमशेदपुर में नगरपालिका के रूप में काम कर रही जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के द्वारा लगाई गई है, लेकिन उन्होंने इसे गलत बताया और कहा कि मंत्री बन्ना गुप्ता ने स्वयं अपने खर्चे पर ये प्रचार सामग्रियां लगाई है।
श्री आचार्य ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय के इस बारे में झारखंड विधानसभा में विगत 9 मार्च 2022 को एक अल्पसूचित प्रश्न के उत्तर में सरकार ने स्वीकार किया था कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में तत्कालीन विधायक की अनुशंसा से ऐसे साइन बोर्ड जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा लगाए गए हैं। खास बात यह है कि जमशेदपुर पश्चिम में ऐसे साईन बोर्ड जेएनएसी द्वारा अधिष्ठापित नहीं किये गए हैं।
विधायक सरयू राय के प्रश्नों की उत्तर में कंडिका चार में सरकार ने उत्तर दिया है कि विभागीय पत्रांक 852, दिनांक 07.03.2022 से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को अविलंब उपर्युक्त प्रकार के साईन बोर्डों पर से पूर्व मुख्यमंत्री/मंत्री/विधायक का नाम हटाने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद जेएनएसी ने पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के ऐसे साईन बोर्ड पर से तत्कालीन विधायक/मुख्यमंत्री का नाम तो हटा दिया परंतु जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा में अभी भी ऐसे साईन बोर्ड, जिन पर मंत्री बन्ना गुप्ता का नाम बड़े अक्षरों में अंकित है और उसके साथ ही सौजन्य जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति अंकित है, नहीं हटाये गये हैं।
उन्होंने अविलंब इन्हें हटाने का मांग की है। कहा कि इस तरह के अवैध प्रचार साईन बोर्ड लगाना आदर्श चुनाव आचार संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन है।