K. Durga Rao
सरायकेला : सिंहभूम संसदीय सीट से इंडिया गठबंधन का सरायकेला विधानसभा स्तरीय कार्यालय का उद्घाटन सरायकेला विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य, झामुमो जिला अध्यक्ष डॉक्टर शुभेंदु महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, नगर अध्यक्ष बड़ाबाबू सिंहदेव ने किया। उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सनंद आचार्य ने कहा यह चुनाव आदिवासियों के आत्मसम्मान और संविधान बचाने वाला है। भाजपा संविधान के साथ आदिवासियों के हक- अधिकार को खत्म कर देगी। पिछली बार यहां की जनता ने गीता कोड़ा को दिल्ली भेजा। वहां उन्होंने आदिवासियों की आवाज एक बार भी नहीं उठायी।
पांच साल तक क्षेत्र में विकास कार्य नहीं किया। चुनाव नजदीक आते ही दल बदल कर भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड विकास मोर्चा से भाजपा ज्वाइन कर लिया। कहा कि सभी दलबदलू एक जगह जाकर आदिवासियों का शोषण करना चाहते हैं। इस बार जोबा माझी को ऐतिहासिक जीत दर्ज करवाना है। श्री आचार्य ने कहा कि हमें लक्ष्य लेकर चलना होगा कि हर विधानसभा से कम से कम एक लाख वोट मिले। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने घर- घर तक पेंशन पहुंचने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इस बार जनता ने जोबा मांझी को विजयी बनाने का मूड बना लिया है।
कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की जनता के लिए समझौता नहीं किया। इस कारण से उन्हें जेल में डाल दिया गया। कहा कि यह चुनाव आदिवासी के सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, संविधान को बचाने का चुनाव है। वहीं जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि हेमंत सोरेन को बीजेपी ने जेल भेजने का काम किया। जल, जंगल, जमीन और आदिवासियों की संवैधानिक रक्षा के लिए महागठबंधन के प्रत्याशी को जितना बहुत जरूरी है। सिंहभूम लोकसभा के हर विधानसभा से एक- एक लाख वोट लेने का लक्ष्य तय है। बीते दिनों सरायकेला में कुछ ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या पर सवाल पूछा, तो गीता कोड़ा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर ही आरोप लगा दिया। मौके पर सरायकेला नगर अध्यक्ष बड़ा बाबू सिंह देव, लिपू महंती, दिनेश सथुआ समेत इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता मौजूद थे।