जमशेदपुर:
नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव “रणनीति-2026” का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम वर्क तथा सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना रहा। खेल महोत्सव के दौरान विश्वविद्यालय परिसर पूरी तरह ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह से भरा नजर आया।
महोत्सव के अंतर्गत क्रिकेट, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कैरम बोर्ड, शतरंज तथा ट्रैक एंड फील्ड सहित कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताएँ छात्र एवं छात्रा वर्ग में आयोजित की गईं, जिसमें विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विश्वविद्यालय के माननीय कुलाधिपति मदन मोहन सिंह मुख्य अतिथि तथा कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कुलाधिपति ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। वहीं कुलपति ने ‘रणनीति’ जैसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने कहा कि खेल जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं और विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व है।
समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। खेल महोत्सव का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जिसने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं खेलकूद विकास के विजन को और सशक्त किया।





