K. Durga Rao
खरसावां : खूंटपानी में रविवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा ने जनसंपर्क किया। खूंटी लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के पक्ष में प्रचार प्रसार करते हुए मतदान करने की अपील की। श्रीमती मुंडा ने खूंटपानी के बुनुमदा, सालीगुटु, जोंकोशासन, केयाडचालोम, गोंडाई, भोया, खुन्टा, रूईडीह, बाईहातु, थोलको आदि गांव में जनसंपर्क किया।
इस दौरान मीरा मुंडा ने कहा कि कांग्रेस व झामुमो के लोग संविधान बदलने की बात कह कर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। देश के संविधान को कोई बदल नहीं सकता। दुष्प्रचार व एजेंडा विहिन राजनीति करने वालों को खूंटपानी की जनता सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है और एक सशक्त नेतृत्व के कारण ही भारत का पूरी दुनिया में नाम हो रहा है। कहा कि आज मोदी जी ने जो काम किया वह सबके सामने है। चाहे महिला हो, युवा हो, व्यापारी वर्ग हो, गरीब हो या किसान हो, सबका सम्मान करते हुए मोदी सरकार ने काम किया है। ऐसी सरकार को हमें फिर से केंद्र की सत्ता में लाना है, जो सबके हक की चिंता करती हो। श्रीमती मुंडा ने कहा कि खूंटी लोकसभा प्रधानमंत्री मोदी के दिल के करीब है। उन्होंने पिछले साल भगवान बिरसा मुंडा की धरती पर आकर उनके जन्मदिन के अवसर पर माटी का तिलक लगाकर यहां से दो बड़ी योजना विकसित भारत और पीएम जनमन का शुभारंभ किया था। यह हम सभी के लिए गर्व का पल है, क्योंकि पहली बार भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर देश का कोई प्रधानमंत्री आया। उन्होंने कहा कि आज वीरों की धरती खूंटी का पूरे देश में नाम हो रहा है। पहली बार आदिवासी समाज के लोगों को इतना सम्मान दिया जा रहा है और यह सब मोदी जी के नेतृत्व में ही संभव हो पा रहा है।
मौके पर आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष राम लाल मुंडा, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष सुदामा हाईबुरू, सांसद प्रतिनिधि सानो गोप, प्रभारी रोहित मुंडा, संजय जारिका, राकेश बांसिंह, कोकिल केशरी, मंगता गोप, नारायण बानरा, सुशीला पुरती, झंडा हाईबुरू, धर्मराज प्रधान आदि उपस्थित थे।