कोरोना काल में देश के करोड़ों लोगों का रोजगार छिना तो लाखों लोगों ने अपने हुनर के जरिये स्टार्टअप की शुरुआत की। अपने घरों में ही काफी छोटे स्तर पर शुरू किये गये उद्यम से शहर की महिलाएं आज अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं। इस प्रकार की महिलाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसे लेकर बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में एक्सप्लोर एक्स्ट्रीम (Explore Extreme) प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
आगामी 12,13 और 14 अप्रैल को आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में शहर के लोगों को घरेलू महिलाओं द्वारा किये गये उद्यम की न सिर्फ जानकारी दी जाएगी, बल्कि महिलाओं को बेहतर प्लेटफॉर्म देकर उन्हें बाजार भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इसे लेकर संस्थान से जुड़ी इशा सिंह ने बताया कि जमशेदपुर में पिछले कुछ वर्षों में स्टार्टअप के क्षेत्र में बूम आया है।
हालांकि, महिलाओं में संकोच की वजह से इस क्षेत्र में हुनर रहने के बावजूद वे आगे नहीं बढ़ पाती हैं। यही कारण है कि महिलाओं को स्टार्टअप के प्रति जागरूक करने के लिए यह पहल की जा रही है, ताकि शहर की हजारों महिलाएं न सिर्फ स्टार्टअप के अलग-अलग प्रकार को जान सकें बल्कि वे भी इससे प्रेरित हो कर स्टार्टअप शुरू कर सकें।
बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में एक्सप्लोर एक्स्ट्रीम प्रदर्शनी की 12 अप्रैल को शुरुआत होगी। इस मौके पर स्टार्टअप शुरू करने को लेकर एक सत्र का भी आयोजन किया जायेगा, जिसमें विभिन्न सेक्टर के एक्सपर्ट स्टार्टअप शुरू करने में आने वाली चुनौतियों को दूर करने की जानकारी देंगे। इसमें शामिल होने के लिए विभिन्न एक्स्ट्रीम से संबंधित विभिन्न सोशल मीडिया साइट के साथ ही मोबाइल नंबर 9508866907 पर संपर्क कर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।