जमशेदपुर : शुक्रवार शाम गोलमुरी थाना क्षेत्र के गोल्फ ग्राउंड के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक मोहम्मद अरमान (28) की मौत हो गई। वह हादसे के वक्त मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में उन्होंने अंतिम सांस ली।
हादसा मोबाइल पर बात करते वक्त हुआ
जानकारी के अनुसार अरमान ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 10 के निवासी थे और सेफ्टी शूज़ बेचने का काम करते थे। शुक्रवार को वे अपनी स्कूटी (JH 05BC-3083) से कहीं जा रहे थे और फोन पर बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान उनका ध्यान भटका और स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
घटना के चश्मदीदों ने बताया कि अरमान की स्कूटी की रफ्तार तेज थी। डिवाइडर से टकराने के बाद वह सड़क पर काफी दूर जा गिरे और गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोग तुरंत उन्हें उठाकर टिमकेन हॉस्पिटल ले गए, लेकिन वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें TMH रेफर कर दिया गया, जहां रात में उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिवार में अकेले कमाने वाले थे अरमान
अरमान अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। उनकी मां और परिजन गम में डूबे हैं। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता, मांगी ट्रैफिक जागरूकता
स्थानीय लोगों ने दुख जताते हुए कहा कि यह हादसा एक चेतावनी है कि मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना कितना घातक हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से ट्रैफिक नियमों को लेकर अभियान चलाने और सख्ती बरतने की मांग की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
गोलमुरी पुलिस ने हादसे की प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लोगों को मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर और अधिक सावधानी बरतनी चाहिए।






