Saraikela : रेड क्रॉस सोसाइटी की बैठक में लिए गए बड़े निर्णय

2 Min Read

सरायकेला :  जिला रेड क्रॉस सोसाइटी की महत्वपूर्ण बैठक उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता और माननीय विधायक दशरथ गागराई की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य फोकस रेड क्रॉस की संरचनात्मक मजबूती, सदस्यता विस्तार और आपदा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने पर रहा।

विधायक ने की एम्बुलेंस देने की घोषणा

बैठक के दौरान विधायक श्री दशरथ गागराई ने रेड क्रॉस के जनहितकारी कार्यों की सराहना की और आपातकालीन सेवाओं के लिए एक एम्बुलेंस देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस की सेवाएं आपदा की घड़ी में वरदान साबित होती हैं।

उपायुक्त ने दी सशक्त संचालन पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि रेड क्रॉस की भूमिका को और प्रभावी बनाने के लिए सदस्य संख्या में वृद्धि और वास्तविक जनसहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट कार्ययोजना के साथ तत्काल अमल के निर्देश दिए।

बैठक में लिए गए मुख्य निर्णय:

1. रेड क्रॉस के स्थायी कार्यालय की स्थापना की प्रक्रिया शुरू होगी।

2. आदित्यपुर आइडा क्षेत्र में कैंप कार्यालय को पुनः सक्रिय किया जाएगा।

3. सभी स्कूलों में आपदा प्रबंधन ट्रेनिंग व मॉक ड्रिल कराई जाएंगी।

4. हर प्रखंड व शहर क्षेत्र में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।

5. जूनियर व यूथ रेड क्रॉस यूनिट्स की स्थापना हर शिक्षण संस्थान में की जाएगी।

6. CSR बैठकों में रेड क्रॉस की सहभागिता अनिवार्य होगी।

7. औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन होगा।

8. आपदा प्रबंधन अधिकारियों के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनेगा ताकि सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान हो सके।

9. जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन योजना रेड क्रॉस के सहयोग से तैयार की जाएगी।

सामुदायिक जुड़ाव को मिलेगी प्राथमिकता

बैठक में यह संकल्प लिया गया कि रेड क्रॉस की सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय सदस्यता अभियान और जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।

बैठक में मौजूद रहे प्रमुख सदस्य

आर. के. सिन्हा (अध्यक्ष, रेड क्रॉस), दया शंकर मिश्रा (सचिव), ओम प्रकाश, विश्वनाथ पाढ़ीहारी, संतोष कुमार सिंह, राजेश कुमार मिश्रा, मनोज चौधरी, सुमित चौधरी, राघव कुमार, स्वेता कुमारी, गौर महतो सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article