सरायकेला : झारखंड आंदोलन के अमर शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा द्वारा ‘शहीद सम्मान यात्रा’ का आयोजन कोल्हान प्रमंडल में भव्य रूप से किया जा रहा है। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियाँ जोरों पर हैं।
उलियान में शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि, आदित्यपुर में होगी विचारगोष्ठी
इस श्रद्धांजलि यात्रा का नेतृत्व डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो करेंगे, जो उलियान स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन होगा, जहाँ वे झारखंड की अस्मिता, सामाजिक संघर्ष और राजनीतिक दिशा पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
दोपहर 12:30 बजे से बाइक रैली का आग़ाज़
कार्यक्रम की शुरुआत कांड्रा मोड़ से दोपहर 12:30 बजे होगी, जहाँ टाइगर जयराम महतो का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत बाइक रैली बिस्टुपुर होते हुए उलियान तक जाएगी। इस रैली में मोर्चा के केंद्रीय, प्रमंडलीय, जिला, प्रखंड, पंचायत व बूथ स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और झारखंड के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि भाग लेंगे।
स्वागत स्थलों की जिम्मेदारी तय:
- कांड्रा मोड़: सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के कार्यकर्ता करेंगे स्वागत
- बिस्टुपुर साउथ पार्क पुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिला मोर्चा के कार्यकर्ता बाइक रैली में जुड़ेंगे
विशेष निर्देश:
- सभी कार्यकर्ता हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और अनुशासन बनाए रखें
- मौसम या अन्य कारणों से कार्यक्रम में परिवर्तन की स्थिति में सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से दी जाएगी
कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष नवीन महतो ने तीनों जिलों के अध्यक्षों को कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने हेतु अखिल मोर्चा स्तरीय बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया है। इस आयोजन का मकसद शहीद निर्मल महतो के बलिदान को याद कर नई पीढ़ी में सामाजिक और राजनीतिक चेतना का संचार करना है।






