चांडिल ( के दुर्गा राव): जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान ने गुरुवार को अवैध कारोबारियों के बीच अफरा-तफरी मचा दी। चांडिल थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी डिल्सन बिरुआ के नेतृत्व में कांदरबेड़ा चौक पर जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया गया।
संदिग्धों में मची खलबली
हर आने-जाने वाले वाहन की बारीकी से जांच की गई। नतीजतन कई वाहन चालकों ने रूट बदलने की कोशिश की, तो कुछ ने वाहन वहीं छोड़कर मौके से भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस की सतर्क नजरों से कोई भी बच नहीं सका।
अवैध कारोबारियों को चेतावनी
पुलिस ने साफ कहा है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और अपराध पर लगाम कसने का काम तेज़ होगा।
जनता को मिला सुरक्षा का भरोसा
पुलिस के इस सघन अभियान से न सिर्फ अपराधियों में दहशत का माहौल है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी और मजबूत हुआ है। अभियान का उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ लोगों में कानून के प्रति आस्था बनाए रखना है।






