चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल में चल रहे एंटी-नक्सल अभियान के दौरान नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर कोबरा बटालियन को निशाना बनाया, जिसमें दो जवान घायल हो गए।
घटना सारंडा के दीघा क्षेत्र में हुई, जहाँ जिला पुलिस और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम तलाशी अभियान पर निकली थी। नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर दो जवान — राम प्रवेश सिंह और छोटू कश्यप घायल हो गए।
घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया
घायल जवानों को तुरंत एयरलिफ्ट कर रांची स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है। सूत्रों के अनुसार, एक जवान की स्थिति गंभीर है, जबकि दूसरे की हालत स्थिर बताई जा रही है।
माओवादियों के तीन बंकर बरामद, किया गया ध्वस्त
इसी अभियान के दौरान जराईकेला थाना क्षेत्र में नक्सलियों के तीन बंकरों का खुलासा हुआ, जहाँ से अहम सामग्री बरामद की गई। सुरक्षा बलों ने इन बंकरों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। यह ऑपरेशन नक्सल गतिविधियों पर करारा प्रहार माना जा रहा है।






