जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय में रविवार को कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता की अध्यक्षता में खेल समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में खेलों के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी किया गया और यह सुनिश्चित किया गया कि सभी खेल आयोजन समय पर हों। साथ ही, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की टीमों की भागीदारी को लेकर विशेष योजनाएं तैयार की गईं।
पदक विजेताओं को मिलेगा सम्मान, खिलाड़ियों के लिए विशेष परीक्षा की सुविधा
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय की ओर से विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, एनसीसी और एनएसएस के कैडेट एवं स्वयंसेवक यदि आरडीसी या अन्य शिविरों में भाग लेने के कारण परीक्षा नहीं दे पाते हैं, तो उनके लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने पर भी विचार किया जाएगा।
युवा महोत्सव होगा भव्य आयोजन
इस बार का युवा महोत्सव बड़े पैमाने पर विश्वविद्यालय में ही आयोजित किया जाएगा। कुलपति ने खेल पदाधिकारी और छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष को निर्देश दिया कि वार्षिक कैलेंडर के अनुसार सभी खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम समय पर सुनिश्चित किए जाएं। यह जानकारी विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. अशोक कुमार झा ने दी।
डॉ. संजय कुमार सिंह बने कोल्हान विश्वविद्यालय के वित्त पदाधिकारी
घाटशिला कॉलेज के वन्यजीव विभाग के अध्यक्ष एवं आय-व्यय परिष्कर्ता डॉ. संजय कुमार सिंह को कोल्हान विश्वविद्यालय का नया वित्त पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। कुलाधिपति की स्वीकृति के बाद कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता ने उनकी नियुक्ति की। डॉ. सिंह 2008 में बहरागोड़ा कॉलेज से अपने शिक्षण करियर की शुरुआत कर चुके हैं और विगत चार टर्म से बर्शर का दायित्व निभा रहे थे। उन्होंने नियुक्ति के बाद विश्वविद्यालय में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनकी नियुक्ति पूर्व वित्त पदाधिकारी डॉ. विनय कुमार सिंह का कार्यकाल पूरा होने के बाद हुई है।






