जादूगोड़ा।
असेका की ओर से नरवा पहाड़ यूसिल कॉलोनी में झारखंड सरकार द्वारा संचालित बोर्ड ऑफ संथाली एजुकेशन की शीतकालीन परीक्षा का आयोजन 26 से 28 दिसंबर तक किया जा रहा है। परीक्षा के दूसरे दिन नरवा पहाड़ यूसिल कॉलोनी केंद्र पर 60 छात्र-छात्राओं ने सोशल साइंस एवं साइंस सहित अन्य विषयों की परीक्षा में भाग लिया।
यह परीक्षा संथाली ओलचिकी लिपि के माध्यम से आयोजित की गई। बोर्ड की ओर से यह परीक्षा चार संकायों में ली जा रही है, जिनमें लोअर (पांचवीं के समकक्ष), हायर (आठवीं के समकक्ष), मैट्रिक (दसवीं के समकक्ष) तथा 10+2 (कला संकाय) शामिल हैं।
इस संबंध में असेका के महासचिव शंकर सोरेन ने बताया कि यह शीतकालीन परीक्षा नरवा पहाड़ यूसिल कॉलोनी, बहड़ागोड़ा समेत पूरे राज्य के 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जिसमें लगभग 350 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि बोर्ड ऑफ संथाली एजुकेशन द्वारा यह परीक्षा प्रत्येक वर्ष दो बार—जून और दिसंबर माह में, संथाली भाषा की ओलचिकी लिपि में आयोजित की जाती है, जिससे संथाली भाषा और संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।





