31 दिसंबर एवं नववर्ष 1 जनवरी को लेकर नगर निगम की तैयारी, विशेष सफाई अभियान के निर्देश

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर नगर निगम क्षेत्र में 31 दिसंबर एवं नववर्ष 1 जनवरी को लेकर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु उप नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सहायक नगर आयुक्त श्री आकिब जावेद की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नववर्ष के अवसर पर आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सहायक नगर आयुक्त श्री आकिब जावेद ने पूरे नगर निगम क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके तहत टीम का गठन कर वार्ड-वार सफाई पर्यवेक्षक एवं नगर प्रबंधकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

उन्होंने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा उठाओ कार्य को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड में एक-एक सफाई टिप्पर वाहन भेजा जाएगा। साथ ही मुख्य सड़कों एवं प्रमुख चौराहों पर विशेष रूप से कचरा उठाने का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।

सभी सफाई संवेदकों को निर्देशित किया गया कि वे पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती कर समयबद्ध रूप से सफाई कार्य पूर्ण करें। इसके अतिरिक्त नाइट स्वीपिंग के तहत रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था भी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।

शहर में प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नाइट पेट्रोलिंग कर लाइटों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए, ताकि रात्रि के समय किसी प्रकार की समस्या न हो। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए आवश्यक पूर्व तैयारी करने के भी निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सहायक नगर आयुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि खुले में मांस, मछली आदि की बिक्री न करें, जिससे साफ-सफाई बनी रहे।

बैठक में कार्यालय के नगर प्रबंधक, सीएमएम, सफाई पर्यवेक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। नगर निगम द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों का उद्देश्य नववर्ष के अवसर पर शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है

Share This Article