जमशेदपुर।
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष श्री शशि भूषण प्रसाद एवं उपाध्यक्ष श्री प्रकाश विश्वकर्मा को कंपनी में दीर्घकालीन एवं सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें टाटा मोटर्स के ऑटो जनरल ऑफिस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में ट्रिम फैक्ट्री की जीएम श्रीमती किरण नरेन्द्र, पेंट एंड ट्रिम फैक्ट्री के डीजीएम श्री प्रणय कांत, डीजीएम श्री अनिल शर्मा, डीजीएम श्री अनुज वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं उपाध्यक्ष प्रकाश विश्वकर्मा को स्मृति स्वरूप कलाई घड़ी एवं चांदी का सिक्का भेंट किया गया।
ट्रिम फैक्ट्री की जीएम किरण नरेन्द्र ने स्वयं शशि भूषण प्रसाद एवं प्रकाश विश्वकर्मा के कलाई पर घड़ी बांधकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों पदाधिकारियों की दीर्घकालीन सेवा, निष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके अनुभव एवं योगदान से संगठन और अधिक सशक्त होगा।
कार्यक्रम का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा और उपस्थित अधिकारियों ने दोनों पदाधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।





