बस स्टैंड गोलचक्कर पर चेसिस की चपेट में बाइक, एक की मौत

Raj Sharma
3 Min Read

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड गोलचक्कर के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार चेसिस ने बाइक सवार दंपति को अपनी चपेट में ले लिया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चेसिस की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक उसके नीचे फंस गई। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

हादसे को अंजाम देने के बाद चेसिस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

इस दुर्घटना के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम को नियंत्रित किया।

मृतक की पहचान उलीडीह टैंक रोड निवासी लाला कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह एक हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत था। हादसे में घायल उसकी पत्नी नीलम विश्वकर्मा को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों ने बताया कि लाला कुमार अपनी पत्नी के साथ बाजार जाने के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद पुलिस से फोन पर हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचे। परिवार में इस हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम के समय नो-एंट्री खुलने के बाद बड़े वाहन शहर से बाहर की ओर निकल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दंपति मानगो की ओर से बस स्टैंड चौक होते हुए जुबली पार्क जाने वाली सड़क की ओर मुड़ रहे थे, तभी चेसिस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। लोगों का कहना है कि चेसिस चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।

फिलहाल पुलिस ने चेसिस और बाइक दोनों को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article