- घोड़नेगी से पितकी तक नवनिर्मित NH-32 बायपास तैयार
- चांडिल बाजार को जाम की झंझट से राहत
चांडिल/सरायकेला (के दुर्गा राव): चांडिल बाजार के जाम से जूझते नागरिकों के लिए बड़ी राहत की खबर है! लंबे इंतजार के बाद टाटा-पुरुलिया मुख्य मार्ग (एनएच-32) के घोड़नेगी से पितकी तक नवनिर्मित बायपास सड़क का 27 जुलाई 2025, रविवार को लोकार्पण किया जाएगा। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद श्री संजय सेठ इस बहुप्रतीक्षित सड़क को जनता को समर्पित करेंगे।
भारी वाहनों से राहत, व्यापारी और राहगीर दोनों होंगे खुश
चांडिल बाजार में भारी वाहनों की वजह से आए दिन लगने वाले जाम से व्यापारियों और आम नागरिकों को काफी परेशानियां हो रही थीं। वर्षों से उठ रही मांग के बाद सांसद संजय सेठ ने स्वयं इस मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई।
हाईटेंशन लाइन बनी थी बाधा, अब युद्धस्तर पर निर्माण कार्य पूरा
गांगुडीह से भालुकोचा के बीच की हाईटेंशन लाइन सड़क निर्माण में बड़ी बाधा बन गई थी। मंत्री के निर्देश पर उसे स्थानांतरित किया गया और उसके बाद सड़क समतलीकरण, मिट्टी भराई और पक्कीकरण का काम तेज़ी से पूरा किया गया। लगातार बारिश के चलते कार्य प्रभावित हुआ था, लेकिन अब मौसम सुधरते ही कार्य तेजी से पूर्ण हो गया है।
झारखंड-पश्चिम बंगाल-बिहार को जोड़ेगा नया बायपास
यह बायपास न केवल क्षेत्रीय यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि झारखंड को पश्चिम बंगाल और बिहार से बेहतर ढंग से जोड़ेगा। साथ ही यह रास्ता श्रावण महीने के दौरान देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी बड़ा सहारा बनेगा।
स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी कि चांडिलवासी इस ऐतिहासिक मौके का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। नए बायपास से स्थानीय व्यापार, यातायात और श्रद्धालुओं को बड़ा लाभ मिलेगा।






