पटनाः सोमवार को प्रदेश कार्यालय, पटना में पूर्व सांसद लवली आनंद, उनके पुत्र अंशुमन आनंद एवं राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष सुमित कुमार वर्मा ने जनता दल (यू) का दामन थाम लिया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद रजीव रंजन सिंह ‘‘ललन ’’ एवं बिहार सरकार के मंत्री सह वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से लवली आनंद एवं अन्य नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलवाई।
इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उनका स्वागत करते हए कहा कि पूर्व सांसद लवली आनंद के आने से पार्टी को पूरे प्रदेश में नई गति और मजबूती मिलेगी। लवली आनंद के परिवार की स्वंतत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पूरे बिहार में उनके परिवार का व्यापक राजनीतिक प्रभाव है। उन्होंने जदयू परिवार में लवली आनंद के साथ आए सभी का स्वागत किया।
पार्टी के पूर्व राष्टीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह ‘‘ललन ’’ ने कहा कि पूर्व सांसद लवली आनंद समता काल से ही पार्टी के साथ रही है। आज उन्होंने पुनः माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों एवं विचारों में आस्था व्यक्त करते हुए जद (यू) परिवार में शामिल होने का निर्णय लिया है। ललन सिंह ने कहा कि जद (यू) एक पार्टी नहीं परिवार है और इस परिवार में सभी नए सदस्यों का स्वागत है।
जदयू में शामिल होने के बाद पूर्व सांसद लवली आनंद ने कहा कि भाड़े के घर को छोड़कर पुनः अपने घर में शामिल होना मेरे लिए प्रसन्नता का विषय है। राजद में हमें उचित सम्मान नहीं दिया गया, हमारे समाज पर कुठाराघात किया गया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि विकास उनका प्रमुख एजेंडा रहा है। वे सभी धर्म एवं समाज को साथ लेकर चलने की बात करते हैं। लवली आनंद ने कहा कि पार्टी हमारी जो भी जिम्मेदारी तय करेगी उसका हम पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगे।
इस दौरान बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री अशोक चौधरी, मंत्री लेसी सिंह, विधान पार्षद के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी, विधान पार्षद सह पार्टी के कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ, विधान पार्षद विजय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।