- झारखंड में चुनावी वायदे पूरे करने के नाम पर उत्पीड़न का आरोप
- आजसू ने दी आंदोलन की चेतावनी
जमशेदपुर: आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने पुलिस प्रशासन और यातायात विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की कार्रवाई ने आम लोगों में भय का माहौल बना दिया है।
कन्हैया सिंह ने कहा कि एक ओर सख्ती के चलते 90% लोग हेलमेट पहनने लगे हैं और दस्तावेज भी साथ रखते हैं, लेकिन झारखंड सरकार की “मैय्या योजना” को पूरा करने के नाम पर विधवा, वृद्धा और दिव्यांग पेंशन रोक दी गई है। इसके बावजूद इस योजना में सुधार नजर नहीं आ रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय का हवाला देकर राजनीतिक दलों के वाहनों से झंडा उतारने और नेमप्लेट को लेकर जुर्माना वसूला जा रहा है। उनका कहना है कि जैसे टेम्पो चालकों को नियमों के पालन के लिए समय और सुझाव दिए जाते हैं, वैसे ही राजनीतिक दलों को भी अवसर मिलना चाहिए।
कन्हैया सिंह ने यह भी कहा कि शहर में अवैध पार्किंग और सड़क जाम पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही, जबकि राजनीतिक कार्यकर्ताओं, खासकर आजसू कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर उनसे पैसे वसूलने का कार्य किया जा रहा है।
आजसू पार्टी ने इस कार्रवाई का विरोध जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि यह मनमानी बंद नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।






