कई वर्षों बाद गम्हरिया में सजा श्रावणी मेला, झूलों और मीणा बाजार में उमड़ी भीड़

1 Min Read

गम्हरिया। छोटा गम्हरिया स्थित वाणी विद्या मंदिर स्कूल मैदान में लंबे अंतराल के बाद शुक्रवार को श्रावणी मेला सह मीणा बाजार का आयोजन हुआ। मेले का उद्घाटन शिक्षाविद एवं झामुमो नेता प्रो. कालीपद सोरेन उर्फ के.पी. सोरेन ने फीता काटकर किया। आयोजनकर्ता सूरज लाल महतो उर्फ लकड़ू महतो ने उनका स्वागत किया।

उद्घाटन के बाद प्रो. के.पी. सोरेन ने मेला परिसर का भ्रमण कर दुकानों, झूलों और मनोरंजन के साधनों का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर आयोजन की सराहना की। कई वर्षों बाद मेला लगने से आसपास के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम होते ही बच्चों और परिवारों की भीड़ बढ़ गई। रंग-बिरंगे झूले, खिलौने, खान-पान की दुकानें और मनोरंजन के साधन बच्चों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। लोगों ने परिवार के साथ मेले का आनंद लेने के साथ विभिन्न व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया।

आयोजनकर्ता सूरज लाल महतो ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद मेले के आयोजन से स्थानीय लोगों को मनोरंजन के साथ आपसी मेलजोल का अवसर मिला है। उद्घाटन समारोह में सुखलाल महतो, जगदीश नारायण चौबे, इंद्रकांत झा, इंद्रजीत महतो, चंपई मंडल, विपेन्द्र राय, शिवराम पान और श्याम महतो समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article