Jamshedpur : गोविंदपुर में ससुर पर दुष्कर्म का प्रयास का आरोप, बहू ने दर्ज कराया मामला

2 Min Read

जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के केशीकुदर लुआबासा में एक महिला ने अपने ही ससुर पर दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 24 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई में आरोपी ससुर भागीरथ लोहार को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 18 जुलाई की बताई जा रही है, लेकिन मामला थाने तक एक सप्ताह बाद पहुंचा।

सूत्रों के अनुसार, पहले मामले को गांव के स्तर पर आपसी पंचायत के जरिए सुलझाने की कोशिश की गई। लेकिन जब कोई हल नहीं निकला, तो पीड़िता ने गोविंदपुर थाने में पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। बहू का आरोप है कि ससुर ने घर में उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। इस घटना से वह मानसिक रूप से परेशान है और अब न्याय की मांग कर रही है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी करीब एक वर्ष पूर्व साहिल लोहार से हुई थी। विवाह के बाद से ही पति-पत्नी के बीच संबंध सामान्य नहीं थे। बताया जा रहा है कि अब बहू तलाक की प्रक्रिया में है। इस मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है कि बहू अपने मायके में पहले एक बार गर्भपात करवा चुकी है, जिसे मायके पक्ष की सहमति से कराया गया था। पुलिस इस बिंदु को भी गंभीरता से जांच रही है कि आखिर ऐसी परिस्थितियाँ क्यों उत्पन्न हुईं।

वहीं, आरोपी ससुर भागीरथ लोहार ने पुलिस को दिए बयान में खुद पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उसे जानबूझकर फंसाया जा रहा है। उसने बहू और उसके मायका पक्ष पर साजिश रचने का आरोप लगाया है।

गोविंदपुर थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस महिला और उसके ससुराल वालों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Share This Article