Jamshedpur : रायरंगपुर से चोरी हुई अर्टिका कार के साथ भाग रहे दो चोर जमशेदपुर के हितकू में पकड़े गए

2 Min Read
  • पुलिस की सूझबूझ से बड़ी वारदात टली

जमशेदपुर / सुंदरनगर : शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ओडिशा के रायरंगपुर से चोरी हुई अर्टिका कार को लेकर दो चोर तेज रफ्तार में जमशेदपुर की ओर भाग रहे थे। पुलिस के अलर्ट होते ही तीरिंग थाना (मयूरभंज) और सुंदरनगर थाना की संयुक्त टीम ने हितकू इलाके में घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।

तेज रफ्तार में भागती कार बनी खतरा, कई लोगों को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार 100 से 150 किमी/घंटा थी। भागने के क्रम में उसने कई बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे 2-3 लोग घायल हो गए। एक महिला ने बताया कि तेज रफ्तार कार ने उसके भतीजे को टक्कर मार दी। वहीं स्थानीय निवासी महेश दास की बाइक भी कार की चपेट में आ गई, जो सड़क किनारे खड़ी थी। घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी स्थिति अब स्थिर है।

पुलिस का पीछा, फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही तीरिंग पुलिस ने सुंदरनगर थाना को अलर्ट किया। तीन पुलिस वाहनों की मदद से तेजी से पीछा करते हुए कार को हितकू इलाके में घेर लिया गया। कार को रुकवाकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि –

“दोनों आरोपी नशे की हालत में थे और ठीक से जवाब तक नहीं दे पा रहे थे।”

शुरुआती जांच में चोरी की पुष्टि, आगे की जांच जारी

सुंदरनगर थाना प्रभारी के मुताबिक यह अर्टिका कार रायरंगपुर से चोरी हुई थी। आरोपियों से पूछताछ जारी है कि क्या वे किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं या फिर यह इकलौती घटना है।

क्या था प्लान? कहां ले जा रहे थे कार?

पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि चोरी के पीछे क्या उद्देश्य था। आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे की उम्मीद की जा रही है।

Share This Article