जमशेदपुर : मानगो आजादनगर थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-16 स्थित डीसी लाउंज में सोमवार रात एक चोरी की वारदात सामने आई। जवाहरनगर रोड नंबर-15 निवासी शादाब ने आरोप लगाया कि वे अपने साले की शादी में तैयार होने के लिए डीसी लाउंज गए थे। ग्रूम मेकओवर के दौरान उनकी 10 ग्राम की सोने की अंगूठी रहस्यमय तरीके से गायब हो गई।
शादाब के मुताबिक, अंगूठी गायब होने का पता लगते ही उन्होंने तुरंत आजादनगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डीसी लाउंज के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक अंगूठी बरामद नहीं हो पाई थी और चोरी की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई थी। पुलिस ने बताया कि फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
इस बीच, डीसी लाउंज के मालिक दिलीप ने कहा कि उन्हें घटना की विस्तृत जानकारी नहीं है, लेकिन वे अपने स्टाफ से पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर जांच में किसी स्टाफ की लापरवाही या संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






