Jamshedpur : मुखियाडांगा में चोरी कांड का खुलासा

2 Min Read

जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। 8-9 अगस्त की रात आशुतोष कुमार के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चांदी का पायल, सोने का बजरंगबली लॉकेट, चांदी के सिक्के, नकदी और दो मोबाइल फोन चुरा लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज होते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई, जिसने तेज़ कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान चंदन साव उर्फ चंदा (28) और सोनू भुईया (19) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि चंदन साव मुखियाडांगा में किराये पर रहकर वारदात की रेकी कर रहा था, जबकि सोनू भुईया, अभिषेक शर्मा उर्फ रवि शंकर और वीरेन्द्र मिश्रा के साथ मिलकर चोरी को अंजाम दिया गया।

चोरी के बाद आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल की सिम निकालकर अपने फोन में डाली और फोनपे से लेन-देन की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। बाद में सिम को तोड़कर फेंक दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2 जोड़ी चांदी का पायल, 11 चांदी के सिक्के, 1 सोने का लॉकेट, विवो और वनप्लस मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त टेक्नो मोबाइल बरामद किया। पुलिस के अनुसार, चंदन साव पर पहले भी सिदगोड़ा थाना में डकैती, चोरी और अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

Share This Article