- पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच में जुटी
जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के ठाकुरबाड़ी रोड निवासी विवेक चौधरी को 26 अगस्त की सुबह वॉट्सएप पर अज्ञात लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। विवेक चौधरी ने तुरंत साकची थाना पहुंचकर शिकायत दी, जिसमें मोबाइल नंबर 9142301824 (सनी अग्रवाल) और 8777541524 के धारकों समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस को 4 मिनट की डिटेल वाट्सएप चैट दी गई, जिसमें सुबह 7:45 से 7:48 के बीच धमकी भरे मैसेज दर्ज हैं।
आरोपियों ने रुपये न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी तक दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों मोबाइल नंबरों की लोकेशन और उपयोगकर्ता की पहचान करने में जुट गई है। विवेक चौधरी और आरोपियों के पुराने विवाद की भी जांच हो रही है कि कहीं यह वाकई रंगदारी वसूली का मामला है या कोई व्यक्तिगत रंजिश।
फिलहाल, पुलिस कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से पड़ताल कर रही है जिसमें धमकी देने का कारण, आरोपियों का आपसी संबंध और इस कार्रवाई के पीछे की मंशा भी शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की असलियत सामने आ सकेगी।






