जमशेदपुर : होली के माहौल में शहर समेत पूरे कोल्हान को जिस अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का वर्ष भर इंतजार रहता है, वह कोरोना काल के दो साल अंतराल के बाद इस वर्ष पूरा होने जा रहा है। साहित्य, संस्कृति व कला को समर्पित संस्था सुरभि अपने इस सालाना जलसे के लिए खास तौर पर जानी जाती है। सुरभि के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद दोदराजका (अग्रवाल) की पहल पर आगामी तीन मार्च को होली के माहौल में और शहर के संस्थापक जेएन टाटा की जयंती के दिन इस कवि सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन लोयोला स्कूल के फेसी ऑटिडोरियम में होगा। इसमें देश के कई नामचीन कवि अपनी कविताओं से शहर समेत झारखंड, ओडिशा व बंगाल से भी आनेवाले अनेक कविता प्रेमियों व साहित्यसेवियों को गुदगुदाएंगे।
सोमवार को बिष्टुपुर के एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मलेन में गोविंद दोदराजका ने बताया कि उनकी संस्था सुरभि की ओर से यह 23 वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन है। उन्होंने बताया कि तीन मार्च को शाम सात बजे केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा इसका उद्घाटन करेंगे।
श्री दोदराजका ने बताया कि कवि सम्मेलन में देश के ख्यातिप्राप्त कवियों राव अजातशत्रु (उदयपुर), जानी बैरागी राजोद (मध्य प्रदेश), आशीष अनल (लखनऊ), राधेश्याम भारती ( प्रयागराज), मणिका दूबे (जबलपुर, मप्र) और भुवन मोहिनी (इंदौर, मप्र) अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगी। कार्यक्रम का संचालन राव अजातशत्रु (उदयपुर) के द्वारा किया जाएगा।
सुरभि के महासचिव चंद्रदेव सिंह राकेश व कार्यक्रम के संयोजक इंदर अग्रवाल ने बताया कि सुरभि की ओर से पिछले 22 वर्षों से हर साल (कोरोना काल के छोडक़र) होली के अवसर पर अखिल भारतीय स्तर के कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाता रहा है। गोविंद दोदराजका ने बताया कि कवि सम्मेलन में प्रवेश नि:शुल्क है, लेकिन लोग आमंत्रण पत्र के जरिए प्रवेश कर सकेंगे। प्रवेश पत्र के लिए सुरभि के 36, एचएस टावर एल रोड बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में या 0657-2249719/2249509 के अलावा मोबाइल फोन नंबर 7542032508 के जरिए चंद्रदेव सिंह राकेश या 9431112564 पर ओमप्रकाश से संपर्क किया जा सकता है।