जमशेदपुरः झारखंड सरकार आवास विहीन कच्चे घरों में रहने वाले ग्रामीण परिवारों को बुनियादी सुविधाओं सहित पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अब सभी गरीबों का अपना घर होगा। इसकी पहली किस्त आज जारी की गई। उक्त बातें जमशेदपुर के गोपाल मैदान में अबुआ आवास योजना के तहत आयोजित स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को 2,00000 रुपए दिए जा रहे हैं, ताकि वह पक्का अपना घर बना सकें। चंपई सोरेन ने बिचौलियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अबुआ आवास गरीब और असहायों का है। बिचौलिए चेत जाएं, गड़बड़ी हुई तो अधिकारी और पदाधिकारी भी नहीं बख्शे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने सर्वजन पेंशन योजना की शुरुआत की है। सावित्रीबाई फुले योजना चल रही है। इन सभी योजनाओं को हम आगे बढ़ाएंगे और पूरा करेंगे। अबुआ आवास योजना के तहत लगभग तीन लाख परिवारों को चिन्हित किया गया है। जिसमें पूर्वी सिंहभूम में लगभग 1,05000 पश्चिम सिंहभूम में 1,03000 और सरायकेला खरसावां जिले में 83,000 परिवार शामिल है।
प्रथम फेज में लगभग 25000 घर कोल्हान के लिए दिए जाएंगे। जिसमें पूर्वी सिंहभूम जिले को 8,138 पश्चिमी सिंहभूम जिले को 10,252 तथा सरायकेला खरसावां जिले के 6,437 को अबुआ आवास योजना आवंटित करते हुए पहली किस्त जारी की जा रही है। लोगों को प्रथम किस्त में 30,000 रुपए, दूसरी किस्त में 50,000 रुपए और तीसरी किस्त में 1,00000 तथा चौथे और अंतिम किस्त के रूप में 20,000 रुपए प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर कोल्हान विधायकों के साथ ही मंत्री सत्यानंद भोक्ता उपस्थित थे।