K. Durga Rao
ईचागढ़ : सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने अपने पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय के साथ चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। रांची लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में यशस्विनी सहाय को टिकट दिए जाने के बाद ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के टीकर, मिलन चौक, चिपड़ी सहित कई जगहों में जन संपर्क कर लोगों से हाथ छाप में वोट देने की अपील की। उन्होंने टीकर में अपने कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव रणनीति के तहत मंत्रणा भी किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने अपनी पुत्री के पक्ष में मतदान करने के लिए युवा वर्ग को अधिक से अधिक संगठित करने का भी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया। उन्होंने पुराने अंदाज में एक एक कार्यकर्ताओं से बात कर हौसला अफजाई की।
रांची लोकसभा में पहली बार युवा व महिला को उम्मीदवार बनाया गया है, जिससे महिलाओं का खास उत्साह देखा गया। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि पार्टी पहली बार किसी युवा व महिला प्रत्याशी को उम्मीदवार बनाकर महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जब जब जीतने का मौका मिला तो ईचागढ़ से जीताने का काम यहां के जनता ने किया है। उन्होंने कहा कि ईचागढ़ से मेरा काफी लगाव है और मुझे विश्वास है मेरी बेटी आप सबों की बेटी है। उन्होंने कहा कि बेटी को अपना आशीर्वाद यहां के जनता निश्चित रूप से देने का काम करेंगे। कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने जन संपर्क करते हुए कहा कि पहली बार चुनाव लड़ने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि अपने पिता से बहुत कुछ सीखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को आगे आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार दिलाना, क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी व बिजली की समुचित व्यवस्था करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वह एक वकील व ह्यूमन राइट्स पर काम करती हैं। कहा कि लोगों का आर्शीवाद मिला तो मानवाधिकार पर काम करने का मौका मिलेगा, चाहे बेरोजगारी का मामला हो, विस्थापन का मामला हो या समाजिक न्याय का मामला हो, इसपर विशेष फोकस किया जाएगा। मौके पर होनी सिंह मुंडा, दुर्योधन गोप, सुरजन स्वांसी, नयन सिंह मुंडा, बंधुराम महतो, पशुपति सिंह मुण्डा, लक्ष्मी नारायण सिंह मुंडा, स्वरूप दत्ता, नरेन गोप सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।