Mohit Kumar
दुमका : पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक एवं सभी थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। उक्त बैठक में संथाल परगना क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक सुदर्शन प्रसाद मंडल भी शामिल हुए। उन्होंने ने सभी थाना प्रभारी को संगठित अपराध की रोकथाम हेतु क्या-क्या कार्रवाई की जानी चाहिए, इसकी जानकारी देने के साथ ही विधि व्यवस्था की समस्या से निपटने के टिप्स एवं कानूनी जानकारियां प्रदान की।
उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारी को लंबे समय से लंबित चले आ रहे कांडों को त्वरित गति से निष्पादन हेतु लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने विधि व्यवस्था संबंधित विषयों पर समीक्षा कर सभी पुलिस पदाधिकारी को विशेष दिशा निर्देश दिए। इसी तरह वाहन चोरी की घटना को रोकने के लिए गश्ती दल को लगातार गश्ती करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के स्कूल एवं कॉलेजों में सेमिनार आयोजित कर पोक्सो एक्ट, साइबर अपराध की रोकथाम से संबंधित जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।