जमशेदपुर : कुड़मी सेना के पदाधिकारी व सदस्यों की बैठक स्थानीय निर्मल गेस्ट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष विशाल चंद्र महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कुड़मी न्याय पदयात्रा निकालने पर चर्चा की गई। साथ ही प्रदेश कमेटी का विस्तार किया गया। विशाल ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार के एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप से कुड़मियों को अपने लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।
समाज के लोगों को जगाने के लिए आगामी 1 फरवरी से लौहनगरी से कुड़मी न्याय यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है। इसके पहले चरण में कोल्हान का भ्रमण कर लोगों को जागरूक करने के साथ ही आगामी दिनों में वृहद स्तर पर विशाल जनसभा करने पर राय ली जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि सरकार कुड़मियों को या तो जल्द से जल्द अनुसूचित जनजाति में शामिल करें या फिर कुड़मी बहुल विधानसभा सीटों को आरक्षण (रिजर्व) से मुक्त करें।
इस अवसर पर संगठन की प्रदेश कमेटी का विस्तार किया गया। कमेटी में विशाल महतो को प्रदेश अध्यक्ष के अलावा देवदीप महतो को उपाध्यक्ष, मनोज महतो, विकास महतो व डीके महतो को महासचिव, प्रबीर महतो, सुमित महतो, हितेश महतो व प्रशांतो महतो को सचिव, सूरज महतो को प्रवक्ता, जितेन्द्र महतो व प्रदीप महतो को आईटी सेल प्रभारी मनोनीत किया गया। साथ ही विधानसभावार प्रभारियों की घोषणा भी की गई। इनमें सराईकेला के लिए सुमित महतो, ईचागढ़ से विनोद महतो, जुगसलाई से विकाल महतो, चाकुलिया से जय प्रकाश महतो और गोड्डा प्रभारी से गौतम महतो को प्रभारी बनाया गया। इसी तरह सुसेन महतो, अजय महतो, मनीष महतो, नितेश महतो, सुनील महतो, अभिलाष महतो को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।