प्रकाश/कामडारा (झारखंड)
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच संत अलोइस चर्च कुदा में कैथलिक धर्मप्रांत के विशप बिनय कंडुलना की अगुवाई में सुमन इंदवार का पुरोहिताभिषेक किया गया। पुरोहिताभिषेक कार्यक्रम में मुख्य अनुष्ठाता सह विशप बिनय कंडुलना ने पुरोहिताभिषेक के दौरान नव अभिशिक्त पुरोहित सुमन इंदवार को उम्मीदवार की प्रतिज्ञा, पवित्र तेल का मलन और पुरोहिताई का कार्यभार सौंपा। इस मौके पर मुख्य अनुष्ठाता सह विशप ने कहा कि पुरोहित कलीसिया के लिए एक बहुत बड़ा वरदान होता है। वे यिशु ख्रीस्ट के महापुरोहिताई में सहभागी होते हैं।
उन्होंने पुरोहित के विशेषकर तीन कार्यो की जानकारी देते हुए कहा कि पुरोहित नबी का काम, पुरोहित का काम और कलीसिया के चरवाहा होते हैं। इसके अलावे नव अभिशिक्त पुरोहित सुमन इंदवार के लिए प्रभु यिशु ख्रीस्ट से विनती प्रार्थना कर आशिष प्रदान किया गया। इससे पूर्व मिस्सा पूजा की गई। मिस्सा पूजा के उपरांत नव अभिशिक्त पुरोहित के जन्म स्थान से लेकर प्रारंभिक शिक्षा, हाई स्कूल, पुरोहित बनने तक के सफर की जानकारी दी गई। पूरे कार्यक्रम में कोयल दल की युवतियों द्वारा गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में पुरोहित याकुब सोरेंग, पीओ फारटाडो, रॉक फारटाडो, अजीत केरकेट्टा, विश्वासी महिला पुरूष काफी संख्या में उपस्थित थे।