Mohit Kumar
दुमका : दुर्गा पूजा को लेकर हर तरफ तैयारी शुरू हो गई है। पूजा के दौरान विधि व्यवस्था और शांति बनाए रखने को लेकर पुलिस और प्रशासन भी सक्रिय है। इस क्रम में आज झारखंड के दुमका नगर थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने दुमका शहरी क्षेत्र के सभी पूजा समिति सदस्यों के साथ बैठक की।
बैठक में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि इस बार दुर्गा पूजा में भीड़ नियंत्रण के लिए सभी पूजा पंडालों में पुलिस फोर्स के साथ-साथ महिला बल की भी तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही सुरक्षा के अन्य इंतजाम भी किए जाएंगे।
इसके अलावा पूजा के दौरान पूरे शहर में भारी वाहनों के लिए नो एंट्री रहेगी। वाहनों को कैसे प्रवेश करना है इसका रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है और जल्द ही इसका भी निर्धारण कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूजा समितियों के साथ मिलकर शहर में किस तरह भीड़ को नियंत्रित किया जा सकता है और कहां-कहां चेक पोस्ट बनाना है, इसे लेकर फिर से एक बैठक की जाएगी। आम लोगों को पूजा के दौरान घूमने में किसी भी तरह की असुविधा ने हो, इसका प्रशासन द्वारा विशेष ध्यान रखा जाएगा।