सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत झिलिंगगोड़ा गांव स्थित पैतृक आवास के मैदान में गॉड ऑफ ओनर लेने के बाद मुख्यमंत्री चंपई सोरेन हेलीकॉप्टर से राजधानी रांची के लिए रवाना हो गए।आनन-फानन में उनके रांची जाने को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार की सारी प्रक्रिया को मूर्त रूप दे दिया गया है।
इस बात की चर्चा है कि हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री रहे कई चर्चित चेहरों को बाहर का रास्ता भी दिखा दिया गया है। कई नए लोगों को भी मंत्री बनाया गया है। बताया जाता है कि सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और इसकी घोषणा भी आज ही कर दी जाएगी और अगर ऐसा नहीं हुआ तो निर्धारित तिथि 16 फरवरी को तो मंत्रिमंडल का विस्तार होना पूर्व निर्धारित है।
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन दो दिवसीय दौरे पर अपने पैतृक आवास सरायकेला के झिलिंगगोड़ा गांव आए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आम जनता से भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने एक-एक कर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहा।
करीब 2 घंटे तक आम जनता के बीच उनकी समस्या से रूबरू होते रहे। स्थानीय स्तर पर उपायुक्त और एसपी को कई निर्देश भी दिए।वहीं होमगार्ड के जवानों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की और अपनी समस्याएं रखी।उधर कई कंपनी के अधिकारी मुख्यमंत्री का अभिवादन करने उनके आवास पहुंचे। इसके बाद गॉड ऑफ ओनर लेने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से राजधानी रांची के लिए रवाना हो गए।