झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और विधायक सीता सोरेन ने झामुमो की प्राथमिक सदस्यता के साथ ही विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया। दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में विनोद तावड़े ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसे झारखंड में झामुमो के लिए तगड़ा झटका माना जा रहा है।माना जा रहा है कि वे दुमका से चुनाव लड़ेंगी।
लोकसभा चुनाव 2024 के पहले राजनीतिक परिदृश्य तेजी से बदल रहे हैं। हर पार्टी में भगदड़ मची है। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय महासचिव और जामा से विधायक, झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की बहु और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन ने झाममो का दामन छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है।
एक ओर जहां बिहार में अपने भतीजे को ज्यादा सम्मान मिलने से पशुपति पारस ने एनडीए से रिश्ता तोड़ लिया, वहीं झारखंड में सीता सोरेन ने भी पार्टी में अनदेखी और साजिश का आरोप लगाते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
बता दें कि इससे पूर्व जब हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी चल रही थी, तो सीता सोरेन ने इसका विरोध किया था। उनकी विरोध के बाद ही कल्पना के मुख्यमंत्री बनने की राह मुश्किल हो गई और तब चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाना पड़ा।