जमशेदपुरः जमशेदपुर की जीवनरेखा खरकई और स्वर्णरेखा के संरक्षण के लिए जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय की अगुवाई में विभिन्न राजनितिक दलों और समाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने परिचर्चा की। बिष्टुपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर परिसर में आयोजित परिचर्चा में जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार, मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव, आदित्यपुर नगर निगम के अधिकारी, जेएनएसी के द्वारा बहाल कंसल्टेंट उपस्थित हुए।
विधायक सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर शहर का अस्तित्व स्वर्णरेखा और खरकई दोनों नदियों से है। पिछले कई वर्षों से कई बस्तियां नदियों के आस पास बसी हैं। नदी के पानी में प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। धीरे-धीरे नदी का पीने का पानी उपयोग के लायक नहीं रह गया है।
उद्योगों की गंदगी सीधे नदियों में प्रवाहित हो रही है। घनी आबादी के बीच से जो नाले निकलते है उसका जल बिना साफ किए सीधे नदियों में जा रहा है। खरकई नदी वर्तमान में पूरी तरह से स्थिर हो गई है। ओडिशा डैम से पानी नहीं मिल रहा है। ईचा डैम और सतनाला डैम बनाने की योजना थी, लेकिन डैम निर्माण का कार्य नही होने के कारण नदियों को उचित जल प्रवाह नहीं मिल पा रहा है।
सरयू राय ने बताया की वर्ष 2004 में दामोदर बचाओ अभियान चलाया गया। उस समय पारवप्लांट की छाई सीधे नदी में प्रवाहित की जा रही थी। सरकार और उद्योगों से वार्ता हुई, भारत सरकार से सहयोग लिया गया और पिछले तीन वर्षों में दामोदर को औद्योगिक प्रदूषण से पूरी तरह मुक्त कर लिया गया। कहा कि नगरीय प्रदूषण से मुक्त करने के लिए भारत सरकार के सौजन्य से नमामी गंगा प्रोजेक्ट के तहत झारखंड में तीन जगह सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है.
श्री राय ने कहा कि स्वर्णरेखा और खरकई को भी नगरीय और औद्योगिक प्रदूषण से मुक्त करने के लिए अभियान चलाना होगा। इसके लिए स्वर्णरेखा बचाओ-खरकई बचाओ फोरम बनाकर अभियान चलाना होगा। श्री राय ने ऐलान किया आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जमशेदपुर के आम नागरिकों के साथ सांकेतिक धरना का आयोजन किया जाएगा.
इस मौके पर जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी, मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी, आदित्यपुर के अधिकारियों ने नदियों के संरक्षण और नालों की सफाई के लिए अपनी कार्य योजना की जानकारी साझा की। जेएनएसी के द्वारा बहाल कंसल्टेंट ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण की अपनी योजना बताई।
कार्यक्रम का संचालन मुकुल मिश्रा ने किया। इस अवसर पर समाजसेवी एके श्रीवास्तव, जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, अर्बन डेवलेपमेंट के कंसलटेंट बीपी यादव, जुडको के नैन मोदक, आदित्यपुर नगर निगम के अजक कुमार, मानव केडिया, सत्यनारायण अग्रवाल, मुन्ना सिंह, विनिता साह, शिवपुजन सिंह, आरवीवी सिंह, नीरू सिंह, शीतल खुल्लर, ओम प्रकाश सिंह, रविंद्र नाथ चैबे, दिलीप गोयल, तापस चटर्जी, काजल चौधरी, राम नारायण शर्मा, सुबोध श्रीवास्तव, मनोज सिंह उज्जैन, मंजू सिंह, चंद्रशेखर राव, प्रकाश कोया, अमित शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।