![](https://gularya.com/wp-content/uploads/2022/04/IMG_20220413_184640-227x300.jpg)
जमशेदपुर: आत्महत्या निवारण के क्षेत्र में लगातार प्रयास करने वाली शहर की सामाजिक संस्था जीवन से जुड़े सभी स्वयं सेवकों के लिए विशेष ट्रेनिंग का आयोजन कदमा स्थित एडीएल सोसाइटी सनसाइन स्कूल के हॉल में किया गया। इसका उद्घाटन जल, वायु एवं पृथ्वी तत्व को पुष्प समर्पित कर बतौर मुख्य अतिथि डॉक्टर दीपक कुमार गिरी (शहर के विख्यात मनोचिकित्सक) ने किया। डॉक्टर गिरी मानसिक रोगों में हुई बढ़त पर चर्चा करते हुए जीवन संस्था के स्वयं सेवकों की कार्यकुशलता की सराहना की। मानसिक विकारों से ग्रसित रोगियों को कैसे बेहतर भावनात्मक सहयोग दिया जा सकता इस पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
मौके पर संस्था जीवन के संस्थापक डॉक्टर महावीर राम एवं डायरेक्टर, डॉक्टर जे जैन भी उपस्थित थे। उन्होंने विश्वास जताया कि नये स्वयं सेवक के जुड़ने से जीवन संस्था द्धारा ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपनी निःशुल्क सेवाएं प्रदान करने में सफल होगी।
संस्था की डिप्टी डायरेक्टर दुर्गा राव ने कहा कि छोटी-छोटी मानसिक परेशानियों को नजर अंदाज करने पर ही आगे चलकर वे आत्महत्या के लिए प्रेरित करती हैं। मानव जीवन अति मूल्यवान है। अल्पकालिक छोटे-छोटे परेशानियों से घबराकर इसे खोना नहीं है। डटकर सामना करना है। उन्होंने बताया कि साल के 365 दिन सेवा उपलब्ध है। जीवन संस्था का हेल्पलाइन नम्बर 9297777499 एवं 9297777500 हैं।
कोरोना के कहर और लॉक डाउन की स्थिति का आम जनता के मानसिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता रहा। इस दौरान आत्महत्या की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई। 2020 में 258 है जो 2021 में 255 (औसतन 21 प्रति लाख) थी। कोरोना की प्रबलता के कम होते ही 2022 की शुरुआत बेहतर थी (जनवरी और फरवरी में 17-17), लेकिन मार्च मे आत्महत्या की संख्या फिर 21 तक पहुंच गई। इस बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए विभिन्न क्षेत्र से 6 स्वयं सेवकों का चयन कर जीवन संस्था से जोड़ा गया है।
![](https://gularya.com/wp-content/uploads/2022/04/IMG_20220414_233653-300x167.jpg)