जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र से बीते शाम एक व्यक्ति के अपहरण के कुछ घंटे बाद ही जमशेदपुर पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली।
जमशेदपुर एसएसपी किशोर कौशल ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए जानकारी दी कि पैसों की लेन देन को लेकर यह घटना घटित हुई है। कहा कि पुरुलिया जिला के रहने वाले डॉक्टर उर्फ चमन खान ने कुछ लोगों से पैसे दुगना करने का लालच देकर लाखों रुपए लिए थे। इसी कड़ी में जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर एक के दास पाड़ा निवासी निरंजन दास ने कुछ दिन पूर्व चमन खान से लगभग एक लाख रुपये उधार में लिए थे।
इधर चमन खान के द्वारा लिए गए पैसे नहीं लौटाने के कारण आरोपियों ने उसपर पैसे वापस करने के लिए दवाब डाला तो चमन उन्हें बरगलाकर जमशेदपुर ले आया और कहा कि निरंजन के पास ही पैसा है और वह नहीं लौटा रहा है। इसके बाद सभी निरंजन को अगवा कर बंगाल ले गए। इधर जमशेदपुर पुलिस को सूचना मिलने पर एक टीम गठित कर पुरुलिया पुलिस के साथ संपर्क स्थापित किया गया।
इसके बाद दोनों जिले की पुलिस ने संयुक्त रूप से बाघमुंडी में छापामारी कर अपहृत निरंजन दास सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सभी को जमशेदपुर ले आई। गिरफ्तार लोगों में मास्टरमाइंड डॉक्टर उर्फ चमन खान, संदीप राय, तपन रजक उसकी पत्नी करुणा रजक और विकास सिंह मुरा शामिल है। पुलिस ने सभी से आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।