जमशेदपुर: मानगो में अपराधियों का तांडव रुकने का नाम नही ले रहा है। आये दिन अपराधी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में अपराधियों ने आज सुबह एक घर में घुस महिला पर हमला कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक मानगो, डिमना मुख्य सड़क पारस नगर ग्रामीण बैंक के समीप रहने वाले जितेंद्र शर्मा के घर आज प्रातः 5 बजे अपराधी रॉड लेकर घुस गए। वे अलमीरा तोड़कर चोरी का प्रयास करने लगे।
अलमीरा टूटने की आवाज सुनते ही जितेंद्र शर्मा की पत्नी सुनीता शर्मा की नींद खुल गई। जब सुनीता शर्मा ने घर में चोर को देखा तो हल्ला करने लगी। उसे चुप कराने के लिए बदमाशों ने सुनीता शर्मा के सिर पर रॉड प्रहार किया।
मामले की जानकारी जितेंद्र शर्मा ने भाजपा नेता विकास सिंह को दी। भाजपा नेता विकास सिंह ने मामले की जानकारी मानगो थाना में देकर सुनीता शर्मा का इलाज कराने के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचे।
सुनीता शर्मा ने बताया कि अपराधी इतनी बेदर्दी से माथे पर प्रहार कर रहा था कि रॉड टेढ़ा हो गया। उन्होंने कहा कि अगर वे हाथ से रॉड को नहीं रोकती तो शायद इस दुनिया में नहीं रहती। इस घटना से जितेंद्र शर्मा का पूरा परिवार सदमे में है। पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा कि अपराधी बेलगाम हो गए हैं। पुलिस प्रशासन का भय अपराधियों के जेहन में नहीं है। इसका परिणाम है कि प्रत्येक दिन अपराधी किसी न किसी घटना को अंजाम दे रहे हैं।